पीएम मोदी का राजस्थान दौरा: करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे, जहां वह कई प्रमुख बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
जोधपुर में प्रधानमंत्री 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल प्रतिवर्ष 20 लाख यात्रियों की क्षमता वाला है। इसके साथ ही वह क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से संशोधित उड़ान (UDAN) योजना की भी शुरुआत करेंगे।
इसके बाद बालोतरा में प्रधानमंत्री पचपदरा स्थित देश के पहले ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही वह पेट्रोकेमिकल, रेलवे, सड़क, शहरी परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा और पावर ट्रांसमिशन समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री 13,000 करोड़ रुपये की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा वह राजस्थान सरकार में नव नियुक्त लगभग 54,000 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
राजस्थान दौरे के बाद प्रधानमंत्री गुजरात के सानंद पहुंचेंगे, जहां वह सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली यह परियोजना इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत व्यावसायिक उत्पादन की शुरुआत का महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
