जम्मू-कश्मीर के शोपियां में मुठभेड़, लश्कर कमांडर जाकिर गनई ढेर
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर जाकिर गनई मारा गया। सुरक्षा बलों ने उसका शव बरामद कर लिया। जाकिर को सुरक्षा एजेंसियों ने ए++ श्रेणी का आतंकी घोषित किया था।
जाकिर गनई और लश्कर का दूसरा आतंकी लतीफ भट्ट पहली बार 3 जुलाई को शोपियां के एक घने बाग में निगरानी कैमरों में दिखाई दिए थे। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर पूरे इलाके की घेराबंदी की। अभियान के दौरान मुठभेड़ में जाकिर गनई मारा गया, जबकि दूसरे आतंकी लतीफ भट्ट की तलाश जारी है।
सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान संभावित सभी निकासी मार्गों को सील कर दिया और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। घने पेड़ों और बागों के कारण इलाके में निगरानी और अभियान चलाना चुनौतीपूर्ण रहा।
सुरक्षा रिकॉर्ड के अनुसार, जाकिर गनई और लतीफ भट्ट दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले हैं। जाकिर वर्ष 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था, जबकि लतीफ ने वर्ष 2025 में संगठन जॉइन किया था।
