‘अगर आप उस दिन लोहागढ़ किले पर थे तो प्लीज सामने आइए’, केतन के पिता की भावुक अपील
अपने बेटे की हत्या के लिए न्याय की मांग करते हुए कैंडल मार्च के दौरान केतन अग्रवाल के पिता ने भावुक अपील की। उन्होंने लोहागढ़ किले पर 18 जून को मौजूद लोगों से आगे आकर जांच में सहयोग करने की अपील की। पुलिस के अनुसार, 19 जून को ही केतन को उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने एक चट्टान से धक्का दे दिया था। पुणे के बाहरी इलाके बेलमोंडो सोसाइटी में मार्च के लिए एकत्रित स्थानीय लोगों, परिवार के सदस्यों और दोस्तों को संबोधित करते हुए पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि कई लोगों ने घटना और उससे पहले और बाद के पलों को देखा था, लेकिन अभी तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है।
पिता विशाल अग्रवाल ने कैंडल मार्च के दौरान कहा, कुछ लोग हमें संदेश भेज रहे हैं कि वे किले पर मौजूद थे, लेकिन वे पुलिस से संपर्क नहीं कर रहे हैं। मैं उन सभी से आगे आकर केतन के लिए न्याय दिलाने में हमारी मदद करने का आग्रह करता हूं। मैं उन्हें आश्वस्त करता हूं कि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
यह अपील ऐसे समय में आई है जब पुणे ग्रामीण पुलिस सिया गोयल के परिवार के सदस्यों से पूछताछ जारी रखे हुए है। शनिवार को पुलिस ने सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल से कई घंटों तक पूछताछ की। इससे एक दिन पहले ही सिया के भाई साहिल गोयल से भी करीब 10 घंटे की पूछताछ की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिया की मां ने इस आरोप से इनकार किया कि परिवार ने उनकी बेटी पर केतन से शादी करने के लिए दबाव डाला था। उन्होंने जांचकर्ताओं से कहा, हमने सिया पर केतन से शादी करने के लिए किसी भी तरह का दबाव नहीं डाला।
