चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा मोटर मार्केट में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर राख
चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा के पास तोगा रोड स्थित मोटर और कबाड़ी मार्केट में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई. आग तेजी से फैलने के कारण बाजार में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार आग एक दुकान से शुरू हुई और कुछ ही देर में आसपास की कई दुकानों तक पहुंच गई. राहत की बात यह रही कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
मार्केट में पुरानी गाड़ियां, टायर, इंजन, प्लास्टिक के पुर्जे और अन्य ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स बड़ी मात्रा में रखे हुए थे. ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि 30 से अधिक दुकानों वाली इस मार्केट में कई दुकानें आग की चपेट में आ गईं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया. आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
इधर, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने मार्केट के दोनों ओर से आवाजाही रोक दी, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए. प्रशासन ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी और पूरे क्षेत्र को एहतियात के तौर पर खाली कराया. फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और इसके कारणों की जांच की जाएगी. फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है.
