Haryana Rain Alert: बादलों ने डाला डेरा, लगातार बारिश से गिरा तापमान; 4 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
हरियाणा में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
30 जून तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने के संकेत: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 से 30 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. विभाग का कहना है कि इस अवधि में मौसम लगातार बदलता रहेगा. इसके बाद भी कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं. 26-27 जून तथा 29 जून से 1 जुलाई के बीच कई स्थानों पर आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी.
हरियाणा के गुरुवार को अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. हालांकि यह सामान्य तापमान से 1.9 डिग्री कम रहा. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा हिसार में 40.8 डिग्री, अंबाला में 40 डिग्री, करनाल में 38.7 डिग्री और नारनौल में 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
गर्मी से मिली राहत: जून के अंतिम दिनों में आमतौर पर प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार अभी तक लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. ऐसे में बारिश के बावजूद उमस का स्तर बढ़ सकता है, जिससे लोगों को असहजता महसूस हो सकती है.
किसानों के लिए सलाह:मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि गरज-चमक और तेज हवाओं के समय खुले स्थानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें. किसानों को भी खेतों में काम करने से पहले मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके.
