दिल्ली-NCR में आया तूफान, 92 KMPH की रफ्तार से चलीं हवाएं… IMD ने दिया बारिश अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. जिस दिल्ली-एनसीआर में सुबह से कड़क धूप थी, वहां दोपहर बाद धूल भरी तेज आंधी चलने लगी. शहर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया. धूल भरी आंधी चलने के बाद अब दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश भी शुरू हो गई है.
राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के आसपास, खासकर टर्मिनल 3 के पास धून के घने बादल देखे गए, जिससे आसपास के इलाके में विजिबिलिटी बहुत कम हो गई.
धूल भरी आंधी चलने के बाद मौसम विभाग दिल्ली के लिए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद बारिश, बिजली कड़कने और 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं. पालम में दोपहर 2:30 बजे हवा की रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई.
