हरियाणा में मेहरबान मानसून, आज भारी बारिश की चेतावनी; 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. वहीं कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की घटनाएं भी सामने आई हैं. मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
कई जिलों में हो रही बारिश : सोनीपत में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई, जिससे खेतों और निचले इलाकों में पानी भर गया. इससे पहले फतेहाबाद, सिरसा, अंबाला और यमुनानगर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई. गुरुवार रात आए आंधी-तूफान के कारण कई जगह पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए. फतेहाबाद के टोहाना क्षेत्र में सड़कें अवरुद्ध होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना है. इन क्षेत्रों में तेज हवाएं 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं.
