पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, दूसरा फरार
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ में एक आरोपी टांग में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान पांच गोवंशों को सुरक्षित बरामद किया. इसके अलावा एक पिकअप वाहन, एक देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं. घायल आरोपी को उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है.
नूंह पुलिस और गौ तस्कर के बीच मुठभेड़: पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुन्हाना सीआईए की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इस दौरान गौ-तस्करी से जुड़े एक वाहन के गुजरने की सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन पिकअप वाहन चालक पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर भाग निकला. पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया, जिसके दौरान वाहन अंबेडकर चौक से होते हुए बॉडी कोठी क्षेत्र के पास पलट गया.
एक आरोपी घायल, दूसरा फरार: बताया गया है कि वाहन में सवार एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि चालक ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चालक के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. उसकी पहचान असलम पुत्र इब्राहिम निवासी मांदोसर, जिला मध्य प्रदेश के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.
देसी कट्टा और कारतूस बरामद: वाहन की तलाशी के दौरान पांच गोवंशों को सुरक्षित बरामद किया गया. इसके अलावा पिकअप वाहन, एक देसी कट्टा और कारतूस भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं. पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि “पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.”
