चंडीगढ़ में 15 साल की लड़की ने 10 साल के बच्चे का किया अपहरण, फिर हरिद्वार में मंगवाई भीख
पंजाब के चंडीगढ़ के बुड़ैल इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 15 साल की एक नाबालिग लड़की अपने ही पड़ोस में रहने वाले 10 साल के बच्चे को जूस पिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गई. बाद में वह बच्चे को हरिद्वार ले गई, जहां उसे एक महिला के पास छोड़ दिया गया और उससे भीख मंगवाई जाने लगी.
बच्चे ने अनुसार, हरिद्वार में उसे डरा-धमका कर सारा दिन भीख मांगने के लिए मजबूर किया जाता था और खाना लंगर में खिलाया जाता था. पहचान छिपाने के लिए उसके बाल भी कटवा दिए गए थे, ताकि कोई उसे पहचान न सके.
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित बच्चे के बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक “दीदी” उसे जूस पिलाने के बहाने अपने साथ ले गई थी. उसका आरोप है कि लड़की ने उसे जबरदस्ती सिगरेट पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गया.
जब उसे होश आया तो वह ट्रेन में था. बच्चे ने बताया कि उसने भागने की कोशिश की, लेकिन लड़की ने उसे जान से मारने की धमकी देकर डरा दिया. इसके बाद उसे हरिद्वार ले जाया गया, जहां उसे एक महिला के हवाले कर दिया गया.
बच्चे के पिता और उसकी मासी ने लगातार उसकी तलाश जारी रखी. दोनों हरिद्वार में घाटों और बाजारों के आसपास रातभर लोगों के चेहरे देखकर अपने बच्चे को खोजते रहे. आखिरकार एक सुबह उन्हें दो बच्चों के बीच सोया अपना बेटा मिल गया. पिता को देखते ही बच्चा उनसे लिपट कर रो पड़ा.
इस बीच पुलिस ने नाबालिग लड़की को हिरासत में ले लिया और शनिवार शाम बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर चंडीगढ़ वापस लाया. पुलिस ने लड़की के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है और बच्चे के बयान भी दर्ज किए गए हैं.
पूछताछ में सामने आई नई जानकारी
जांच के दौरान पता चला कि लड़की हरिद्वार में एक महिला के साथ रह रही थी. पुलिस के अनुसार, वह 27 मई को उस महिला का मोबाइल फोन और 7 हजार रुपये लेकर अकेले चंडीगढ़ लौट आई थी.
वापस आने के अगले ही दिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया. फिलहाल मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चे से भीख मंगवाने के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं था.
