PM मोदी की सादगी वाली अपील का असर, शताब्दी ट्रेन से चंडीगढ़ पहुंचे मनोहर लाल

0

प्रधानमंत्री नरेन्द्र माोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर साफ दिखाई देने लगा है। केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को शताब्दी ट्रेन के जरिए चंडीगढ़ पहुंचे। मीडिया से बातचीत में मनोहर लाल ने कहा कि जब भी दिल्ली से बाहर जाने का मौका होगा, वे सार्वजनिक परिवहन का ही इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगे।

उनके अधीनस्थ केंद्रीय आवास एवं शहरी मामले तथा ऊर्जा मंत्रालय में योजना तैयार की जा रही है, जिसके तहत विभागीय गाड़ियों का कम इस्तेमाल करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर भी फिजूल ईंधन खपत कम करने के प्रयास जरूरी हैं।

मनोहर लाल ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि ‘मुझे तो पैदल चलने में भी कोई दिक्कत नहीं है।’ हालांकि कुछ सुरक्षा प्रोटोकाल के चलते जरूरी गाड़ियों का इस्तेमाल करना पड़ता है। साथ ही कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई मंत्रियों ने अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम की है, जो एक सकारात्मक पहल है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान को केवल भाषण तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ईंधन बचत में भागीदार बनना चाहिए। देश का बहुत बड़ा पैसा ईंधन के रूप में विदेशों में जाता है। इसे बचाना देशहित का बड़ा काम है और इसमें सभी के सहयोग की जरूरत है।

इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर मनोहर लाल ने कहा कि फिलहाल आटोमोबाइल में ईवी मैन्युफैक्चरिंग कम है, लेकिन इसे तेजी से बढ़ाया जा रहा है। साथ ही देशभर में चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क भी मजबूत किया जा रहा है। ईवी चार्जिंग के लिए बिजली की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। “देश में लगातार विद्युत उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल गाड़ियां अपने आप कम होती जाएंगी।

निकाय चुनाव के नतीजों पर मनोहर लाल ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा लगातार निकाय चुनावों में मजबूत हुई है। केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नाम सुनते ही लोग बिदक जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और पारदर्शिता के साथ काम हुआ है, इसलिए जनता लगातार बीजेपी का समर्थन कर रही है।

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *