चंडीगढ़ में दिनदहाड़े मर्डर से सनसनी, बाजार में युवक की तेजधार हथियारों से हत्या
चंडीगढ़। शहर में बीच बाजार दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई। वारदात मंगलवार शाम के समय दड़वा की मार्केट में हुई। 20 वर्षीय सूरज पर युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला किया । वारदात को अंजाम देने के बाद अरोपित फरार हो गए।
लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायल युवक को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे रंजिश कारण हो सकती है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सूरज के माता-पिता वन विभाग में कार्यरत हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
