काठमांडू एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, टर्किश एयरलाइंस के विमान के टायर में आग, 278 यात्री सवार
नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान टर्किश एयरलाइंस के एक विमान के टायर में आग लग गई. पुलिस ने पुष्टि की है कि आग बुझा दी गई है और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. एयरपोर्ट सुरक्षा के SP राजकुमार सिलावल ने ANI को फोन पर बताया, “टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK 726 इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी और लैंडिंग के समय उसके टायर में आग लग गई. फायर इंजन की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.” अधिकारियों के अनुसार, फ़्लाइट में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे. यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल थे.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विमान के दाहिने लैंडिंग गियर में आग लगी हुई दिख रही है, जिससे धुएं का एक घना बादल उठ रहा है. विमान में सवार यात्रियों को इमरजेंसी दरवाजों के ज़रिए बाहर निकाला गया. इस घटना को लेकर एयरपोर्ट या एयरलाइन कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान या घोषणा नहीं की गई है. साथ ही, घटना के पीछे की वजह का पता अभी तक नहीं चल पाया है. त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस के साथ पहले भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं. साल 2015 में, कंपनी का एक विमान लैंडिंग के दौरान संतुलन बिगड़ने से रनवे से फिसलकर घास वाले किनारे पर चला गया था. इस घटना के कारण एयरपोर्ट को चार दिनों तक बंद रखना पड़ा था.
उस समय की शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया था कि लैंडिंग के अंतिम चरण में फ्लाइट कैप्टन के स्थिति का सही अंदाजा न लगा पाने के कारण Airbus A330 रनवे की सेंटर लाइन से भटक गया था. इस्तांबुल से आ रही इसी कॉल-साइन TK726 वाली फ्लाइट में 224 लोग सवार थे, जब वह काठमांडू के कोहरे से ढके एयरपोर्ट पर रनवे के बाईं ओर घास के मैदान में जा घुसी थी. इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई थी, लेकिन सभी यात्रियों को इमरजेंसी दरवाजों के ज़रिए बाहर निकाला गया था.
