150 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पति-पत्नी की मौत व दो घायल; समारोह में जा रहे थे चारों रिश्तेदार
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई व दो घायल हैं। उपमंडल बड़सर के तहत खेड़ी और धबडीयाणा के बीच संपर्क मार्ग पर सैंट्रो कार एचपी 22डी-3596 अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह हादसा धबडीयाणा और खेड़ी के बीच पानी की टंकी के पास हुआ, जहां चालक अचानक कार से संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। गिरते ही वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं बीएमओ बड़सर डॉ. अरविंद टंडन के अनुसार, अस्पताल लाए गए चार में से दो लोगों की मौत हो गई।
