कनाडा के गुरुद्वारे में अरदास के समय चाकू से हमला, 2 लोगों को गंभीर चोट
कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में एक गुरुद्वारे के अंदर एक शख्स ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस और समुदाय के प्रतिनिधियों के अनुसार, घटना के समय गुरुद्वारे के अंदर शादी समारोह से पहले सुबह की अरदास (प्रार्थना) चल रही थी। यह हमला एडमोंटन शहर के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर गुरुद्वारे में सुबह करीब पांच बजे हुआ। इससे पूरे गुरुद्वारा परिसर में अफरातफरी का माहौल हो गया।
एडमोंटन पुलिस सेवा ने बताया कि 14 स्ट्रीट और हॉर्सहिल रोड के पास हुई इस घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके से व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पहुंचे मेडिकल स्टाफ ने दोनों घायलों का इलाज किया। उनके अनुसार दोनों को गंभीर चोट आई है। दोनों का फिलहाल इलाज चल रहा है।
ये हमला किस वजह से किया गया इसकी जानकारी अभी पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस ने रंजिश के चलते हमले के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मंदिर प्रतिनिधि हरमीक सहगल ने बताया कि एक व्यक्ति गुरुद्वारे में दाखिल हुआ और सुबह की उस अरदास में बाधा डाली, जो दिन में बाद में होने वाली शादी से पहले की जा रही थी।
ग्लोबल न्यूज के मुताबिक सहगल ने बताया कि वह अंदर आया और उसने हंगामा किया। हमारी सुबह की अरदास रुक गई। जो लोग अरदास कर रहे थे, उन्होंने उस व्यक्ति को देखा। वह किसी सामान्य आगंतुक जैसा नहीं लग रहा था। अरदास कर रहे लोगों ने शुरुआत में उस व्यक्ति से बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने सहयोग नहीं किया।
सहगल ने कहा कि समुदाय के लोग अब जांच एजेंसियों की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि पता चल सके कि यह घटना क्यों और किन परिस्थितियों में हुई।सिख अमेरिकन लीगल डिफेंस एंड एजुकेशन फंड ने कहा कि किसी धार्मिक स्थल के अंदर इस तरह की हिंसा बेहद चिंताजनक है।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने गुरुद्वारे के परिसर में चाकू से हुए हमले के बाद एक्स पर लिखा कि एडमोंटन के नानकसर गुरुद्वारे में हमला चौंकाने वाला है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जो घायल हुए हैं। किसी भी व्यक्ति को अपनी पूजा की जगह पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। मैं एडमोंटन पुलिस सर्विस को उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद देता हूं।
