राजपुरा-चंडीगढ़ रेल लाइन को मिली रफ्तार: जमीन अधिग्रहण का नोटिफिकेशन जारी
चंडीगढ़ से राजपुरा, पटियाला, संगरूर, मानसा और बठिंडा जाने वाले लोगों के लिए आवागमन का रास्ता आसान होने वाला है, क्योंकि केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ से राजपुरा को जोड़ने वाले रेलवे ट्रैक के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण का नोटिफिकेशन जारी किया है।
इस 18.11 किलोमीटर लंबी लाइन के लिए मोहाली और पटियाला जिलों के कई गांवों की पहचान की गई है। यदि किसी को इस जमीन को लेकर आपत्ति है, तो वह 30 दिनों के भीतर बनूड़ के सब-डिवीजनल मैजिस्ट्रेट (एसडीएम) को लिखित आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके बाद अधिकारी सुनवाई करेंगे और फैसला लेंगे।
सरकार का उद्देश्य इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जनता को इन सुविधाओं का जल्द से जल्द लाभ मिल सके। यह पहल पंजाब के मालवा क्षेत्र और चंडीगढ़ के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगी।
