शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बारात से लौट रही बस ट्रक से टकराई, 6 की मौत; 13 घायल

0

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। धौलाना-मसूरी मार्ग पर रविवार देर रात करीब 1:30 बजे बारात से लौट रही बस और एक ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, डासना निवासी इकराम कुरैशी के बेटे की बारात गुलावठी से वापस लौट रही थी। इसी दौरान अरविंद डेयरी के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस ट्रक के नीचे जा घुसी और दोनों वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और हाईड्रा मशीन की मदद से बस को ट्रक के नीचे से निकालकर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

इस हादसे में सोनू, यूसुफ, अख्तर, यूनुस, मुन्ना और बस चालक अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 13 लोग घायल हुए, जिनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *