सीएम सैनी का भिवानी दौरा : तोशाम को 100 बेड के अस्पताल की सौगात, खेल स्टेडियम और अनाज मंडी के कायाकल्प का ऐलान

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 31 मार्च को भिवानी जिले के दौरे पर रहे। यहां उन्होंने तोशाम के चौधरी सुरेंद्र सिंह खेल परिसर में आयोजित ‘उन्नत सिंचाई उत्सव’ का भव्य शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए 107.61 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर जनता को समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को पानी की बचत के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों को अपनाकर किसान कम पानी में भी बेहतर और अधिक पैदावार ले सकेंगे। इस गौरवशाली क्षण में उनके साथ कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, मंत्री कृष्ण बेदी, सांसद धर्मबीर सिंह और क्षेत्र के कई विधायक जैसे कपूर सिंह वाल्मीकि, घनश्याम सर्राफ, सुनील सांगवान और वरिष्ठ नेता किरण चौधरी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया, जो किरण चौधरी के साथ सेल्फी लेती नजर आईं।

संबोधन के दौरान सीएम सैनी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकार ई-भूमि पोर्टल के जरिए पारदर्शी तरीके से जमीन खरीदने का काम कर रही है। अंबाला और नारायणगढ़ के बाद अब एक सप्ताह के भीतर तोशाम में भी ई-भूमि पोर्टल शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह स्वैच्छिक है और सरकार जमीन देने वाले किसानों को बाजार के अनुसार उचित और सम्मानजनक मूल्य प्रदान करेगी।

तोशाम के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिन गांवों में खेल के मैदानों की मांग है, वहां अत्याधुनिक खेल स्टेडियम बनाए जाएंगे। तोशाम के मौजूदा खेल स्टेडियम को एक इंटरनेशनल लेवल के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कैरू राजकीय कॉलेज में विज्ञान संकाय (Science Stream) शुरू करने की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। अब यहां के विद्यार्थियों को साइंस की पढ़ाई के लिए शहर से बाहर भटकना नहीं पड़ेगा।

क्षेत्रवासियों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने तोशाम के सब-डिविजनल अस्पताल की क्षमता 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेड करने का ऐलान किया। इसे एक जनरल अस्पताल के रूप में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि राज्य के 17 जिलों में कैंसर केयर सेंटर शुरू किए जा चुके हैं, जिससे मरीजों को घर के पास ही इलाज मिल सकेगा।

किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए जुई की नई अनाज मंडी में शेड की मरम्मत, मार्केट कमेटी दफ्तर के नए कमरों का निर्माण और संपर्क सड़कों के सुधार का कार्य प्राथमिकता पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि ये सभी कार्य केवल कागजी घोषणाएं नहीं हैं, बल्कि इन्हें तय समय सीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाएगा।

सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए नायब सैनी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में पीएम आवास योजना के तहत हरियाणा में 1.60 लाख परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के जरिए हजारों परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट और घर उपलब्ध कराए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के 27.42 लाख से अधिक लोगों ने मुफ्त इलाज का लाभ उठाया है, जिस पर सरकार ने लगभग 4 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

 

 

सीएम ने बताया कि ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ के रोजगार देना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के जरिए 1.18 लाख से अधिक युवाओं को सुरक्षित रोजगार दिया गया है। सीईटी (CET) परीक्षा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने परीक्षार्थियों को उनके घर से सेंटर तक मुफ्त लाने-ले जाने की अभूतपूर्व व्यवस्था की, ताकि किसी भी युवा को असुविधा न हो।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *