मनीमाजरा में विकास नगर, मौली जागरां में बुधवार देर रात एक घर में भीषण आग लगने के बाद किचन में रखा गैस सिलिंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि घर की दीवारों और लेंटर तक में दरारें आ गईं। हालांकि समय रहते घर के चारों सदस्य बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12:45 बजे की है। मकान नंबर 216 के चौथे फ्लोर पर मौजूद योगेश ने तीसरी मंजिल से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। इस मंजिल पर कोई नहीं रहता था, बल्कि वहां किचन बनाया गया था। योगेश ने तुरंत नीचे सो रहे अपने पिता गिरीश, मां और भाई को जगाकर घर से बाहर निकाला।
योगेश ने बताया कि जैसे ही सब लोग घर के बाहर चले गए तो आग लगने के करीब 15 मिनट बाद किचन में रखा सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मनीमाजरा की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ऑफिसर गुरमुख सिंह मुल्तानी के नेतृत्व में टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 2:30 बजे आग पर काबू पाया।
आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया, जिसमें फर्नीचर, किचन का सामान, लैपटॉप, जरूरी दस्तावेज, रजिस्ट्री और बच्चों के सर्टिफिकेट शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते परिवार को बाहर निकाल लिया गया, वरना हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। योगेश की सूझबूझ से चार लोगों की जान बच गई।