उत्तर प्रदेश: खुदकुशी से पहले WhatsApp पर लिखा आखिरी स्टेटस, गोरखपुर में स्पाइसजेट कर्मचारी की मौत

0

गोरखपुर में स्पाइसजेट से जुड़ी बलिया की एक महिला कर्मचारी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। जान देने से पहले उसने अपने व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए इसकी जानकारी दी थी। सोमवार सुबह स्टेटस देखने के बाद मकान मालिक उसके कमरे पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

यह मामला एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर स्थित सैनिक कुंज का है। बलिया जिले के उभांव क्षेत्र के मालीपुर गांव निवासी विसेंद्र सोनी की बेटी शिवांगी वर्मा स्पाइसजेट एयरवेज में सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। वह पिछले एक साल से सैनिक कुंज में किराए के मकान में रहकर नौकरी कर रही थी। शिवांगी अविवाहित थी।

सोमवार सुबह जब मकान मालिक ने युवती का व्हाट्सएप स्टेटस देखा, तो वह हैरान रह गए। स्टेटस में शिवांगी ने लिखा था कि वह जीना नहीं चाहती और जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने जा रही है। इसके बाद मकान मालिक तुरंत उसके कमरे पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने एम्स थाने की पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलने पर युवती को बिस्तर पर अचेत अवस्था में पाया। उसे तुरंत एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक आशंका है कि युवती की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। शिवांगी चार बहनों और दो भाइयों में से एक थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

अंतिम संस्कार गोरखपुर में करने के बाद परिजन अपने घर लौट गए हैं और आगे की धार्मिक रस्में निभा रहे हैं। इस घटना को लेकर कोई भी खुलकर कुछ बताने को तैयार नहीं है। मालीपुर चट्टी पर शिवांगी के पिता विसेंद्र की आभूषण की दुकान है, जो घटना के बाद से बंद पड़ी है। पूरे क्षेत्र में इस दुखद घटना को लेकर शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *