रोहतक में भीषण हादसा: ट्रक में धमाके के बाद फर्नीचर शोरूम में लगी आग, करोड़ों का सामान राख
रोहतक के तिलियार झील के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ से गुजर रहे एक ट्रक का टायर फटने से उसमें लगा सीएनजी टैंक और डीजल की टंकी फट गई, जिससे भीषण आग लग गई।
आग इतनी विकराल थी कि उसने पास स्थित एक फर्नीचर शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया और शोरूम का करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया।
घटना सुबह करीब 8 बजे की है। तिलियार झील के सामने से एक ट्रक गुजर रहा था। अचानक ट्रक का टायर फट गया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीएनजी टैंक व डीजल की टंकी के फटने के कारण आग का गोला बन गया। ट्रक में सवार ड्राइवर और हेल्पर अपनी जान बचाने के लिए मौके से कूदकर फरार हो गए।
ट्रक में लगी आग की लपटें साथ लगते फर्नीचर शोरूम तक पहुँच गईं। शोरूम मालिक नरेंद्र मलिक ने बताया कि करीब दो साल पहले ही उन्होंने यह शोरूम बनाया था। आग लगने के कारण शोरूम में रखा प्लाईवुड, सेनेटरी का सामान और अन्य फर्नीचर जलकर स्वाहा हो गया। मालिक के अनुसार, उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और शोरूम मालिक ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रत्यक्षदर्शी यशपाल देशवाल का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल पर पहुँचने के बाद भी मुस्तैदी नहीं दिखाई। टीम दूर से ही पानी की बौछार करती रही। यदि समय रहते सही तरीके से आग पर काबू पाने की कोशिश की जाती, तो शोरूम को जलने से बचाया जा सकता था।वहीं, फायर ऑफिसर संजीव डागर ने सफाई देते हुए कहा कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुँच गई थी। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया।
गनीमत यह रही कि ट्रक में लगी आग उसके सामने स्थित सरकारी पेट्रोल पंप की तरफ नहीं बढ़ी। अगर आग पेट्रोल पंप तक पहुँच जाती, तो पूरा इलाका धमाके की चपेट में आ सकता था। पुलिस ने समय रहते सड़क को ब्लॉक कर दिया था, जिससे कोई अन्य राहगीर हादसे का शिकार नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। ट्रक के ड्राइवर और हेल्पर के फरार होने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
