अब आसमान में नहीं दिखेगा MiG-21: वायुसेना के राजदूत देंगे जंगी जहाज मिग-21 को विदाई, चंडीगढ़ में एयर शो
भारतीय वायुसेना का जंगी जहाज मिग-21 अब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा। करीब छह दशक से धाक जमाने वाले इस लड़ाकू विमान को 26 सितंबर को चंडीगढ़ एयरबेस पर विदाई दी जाएगी। चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले इस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हो सकते हैं। आसमान में जब मिग-21 आखिरी उड़ान भरेंगे तो लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस उन्हें एस्कॉर्ट करेंगे। बताया जा रहा है कि मिग-21 की जगह अब तेजस ही लेंगे।
हैरतअंगेज होंगे हॉक एमके-132 के करतब
इंडियन एयरफोर्स की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम सटीकता, कौशल और टीम वर्क के लिए प्रसिद्ध है। लाल और सफेद रंग के आकर्षक हॉक एमके-132 जेट आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। सूर्यकिरण टीम आसमान में आकर्षक लूप, रोमांचकारी बैरल रोल से लेकर उल्टी उड़ान और डीएनए पैंतरेबाजी के जरिये पायलटों की बेजोड़ विशेषज्ञता और समन्वय का प्रमाण पेश करेगी। यह टीम 22 सितंबर को अपना अभ्यास सत्र शुरू कर देगी। 26 सितंबर को मिग की विदाई के दौरान इस टीम का एयर शो देखने लायक होगा।
