‘मैं आपकी पत्नी की मौसी का लड़का बोल रहा हूं…’ हरियाणा में साइबर ठगों ने रिश्तेदार बनकर लगाया 10 लाख का चूना

साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को पत्नी की मौसी के लड़का बताकर 10 लाख रुपये का चूना लगा दिया। बागडू कलां निवासी बजरंग को फेसबुक पर उसकी पत्नी की मौसी के लड़के की आईडी से संदेश मिला, जिसमें कहा गया कि वह लंदन में किसी इमरजेंसी में फंसा हुआ है और उसे पैसे की आवश्यकता है।
बजरंग इस झांसे में आ गया और पैसे ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित बजरंग ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी की मौसी का लड़का लंदन गया हुआ है। सात जुलाई को उसे फेसबुक पर संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि उसका किसी के साथ झगड़ा हो गया है और वह अस्पताल में भर्ती है।
इसके लिए उसे 12 लाख रुपये की आवश्यकता है। आरोपित ने यह भी कहा कि उसके पास पहले से 17 लाख और 9 लाख रुपये ट्रांसफर करने की स्लिप है, जो दो दिन में उसके खाते में आ जाएंगे।
बजरंग ने कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं हैं, तो आरोपित ने उसे ब्याज पर पैसे उधार लेने का सुझाव दिया। बजरंग ने 7 से 10 जुलाई के बीच कुल 10 लाख 20 हजार रुपये आरोपित के खाते में भेज दिए।
जब आरोपित ने और पैसे मांगे, तो बजरंग ने अपनी पत्नी के मामा को फोन किया। वहां से पता चला कि उसका रिश्तेदार बिल्कुल ठीक है। इस पर उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर सेल को सूचना दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।