‘वोट चोरी नहीं हुए, उनके काले कारनामों के चलते लोगों ने नकारा’, कुरुक्षेत्र में CM नायब सैनी का कांग्रेस पर कटाक्ष

कुरुक्षेत्र। पिहोवा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव में प्रदेश भर में 2.10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा और बढ़ते तापमान जैसी समस्याओं का समाधान बड़े पैमाने पर पौधारोपण और उनके संरक्षण से ही संभव है।
गांव स्योंसर के वन में आयोजित इस महोत्सव में उन्होंने सरस्वती आर्द्रभूमि जलाशय, सरस्वती पादप एवं जैव विविधता संरक्षण वाटिका और सरस्वती जंगल सफारी का शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम ने विपक्ष की ओर से वोट चोरी के मामले पर उठाए जाने के मुद्दे को नया एजेंडा बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। लेकिन विपक्ष हमेशा सरकार के कामों की आलोचना करता है। विपक्ष की भूमिका आज चिंताजनक है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस पार्टी का 55 वर्षों तक देश में शासन रहा और लोगों ने अपेक्षाओं पर खरा न उतरने के कारण उनको बाहर का रास्ता दिखाया।
वह पहले तो ईवीएम को दोषी ठहराते थे, लेकिन आज उन्होंने एक नया एजेंडा चला रखा है वोट चोरी होने का। कोई उन्हें बताए कि वोट चोरी नहीं हुए हैं, बल्कि उनके काले कारनामों के कारण लोगों ने उन्हें नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमारे जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तान में चल रहे आतंकवादी शिविरों को नेस्तनाबूद करने का काम किया है। लेकिन विपक्ष ने सैनिकों के शौर्य पर भी सवाल खड़ा करने का काम किया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार भारत को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।