बहन-बेटियों की रक्षा और सम्मान का प्रतीक है लोहड़ी का त्यौहार

0

आप पार्षद प्रेमलता ने अपने वार्ड के लोगों के साथ धूमधाम से मनाया लोहड़ी का त्योहार

चंडीगढ़ ( अजीत झा ) : वार्ड नंबर-23 से आम आदमी पार्टी (आप) की पार्षद प्रेमलता ने आज सेक्टर-35 में वार्डवासियों के साथ लोहड़ी का त्योहार धूमधाम से मनाया। इस दौरान पार्षद प्रेमलता ने सभी लोगों को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए हर त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर महिलाओं ने लोहड़ी से जुड़े लोकगीतों का गायन कर गिद्धा भी डाला। कार्यक्रम में वार्ड-23 के कई गणमान्य पुरुषों व महिलाओं ने शिरकत की।इस मौके पर पार्षद प्रेमलता ने लोगों को संबोधित करते हुए लोहड़ी के महत्व तथा इससे जुड़ी मान्यताओं से भी लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मुगल राजा अकबर के काल में दुल्ला भट्टी नामक एक लुटेरा पंजाब में रहता था, जो न केवल धनी लोगों को लूटता था, बल्कि बाजार में बेची जाने वाली गरीब लड़कियों को बचाने के साथ ही उनकी शादी भी करवाता था। लोहड़ी के त्यौहार को दूल्ला भट्टी से जोड़ा जाता है। लोहड़ी के कई गीतों में भी इनके नाम का जिक्र होता है। इसके अलावा एक अन्य कथा के अनुसार मकर संक्रांति के दिन कंस ने भगवान श्री कृष्ण को मारने के लिए लोहिता नामक राक्षसी को गोकुल भेजा था, जिसे भगवान श्री कृष्ण ने खेल-खेल में ही मार डाला था। उसी घटना के फलस्वरूप लोहड़ी पर्व मनाया जाता है।पार्षद प्रेमलता ने कहा कि एक अन्य पौराणिक कथा के मुताबिक राजा दक्ष की पुत्री सती ने अपने पति भगवान शंकर के अपमान से दुखी होकर खुद को अग्नि के हवाले कर दिया था। इसकी याद में भी यह अग्नि जलाई जाती है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों के लिए लोहड़ी उत्सव खास महत्व रखता है। जिस घर में नई शादी हुई हो या बच्चे का जन्म हुआ हो, उन्हें विशेष तौर पर लोहड़ी की बधाई दी जाती है। घर में नव वधू या बच्चे की पहली लोहड़ी का काफी महत्व होता है। इस दिन विवाहित बहन और बेटियों को घर बुलाया जाता है। ये त्योहार बहन और बेटियों की रक्षा और सम्मान के लिए भी मनाया जाता है। इस मौके पर लोगों के बीच रेवड़ी, गजक, मूंगफली और पॉपकॉर्न का वितरण भी किया गया।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *