सोनिया गांधी ने किया ‘इंदिरा भवन’ का उद्घाटन, अब 9A कोटला रोड होगा कांग्रेस मुख्यालय का नया पता

0

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने बुधवार को पार्टी के नए मुख्यालय का उद्घाटन किया है। अब कांग्रेस का नया पता ‘इंदिरा गांधी भवन’ 9ए, कोटला रोड होगा। नए कार्यालय में प्रशासनिक, संगठनात्मक और रणनीतिक गतिविधियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं हैं। जानकारी के अनुसार कांग्रेस के नए मुख्यालय का शिलान्यास साल 2009 में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किया था। अब तक कांग्रेस का मुख्यालय 24, अकबर रोड था।

बता दें कांग्रेस का नया दफ्तर दिल्ली डीडीयू मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। उद्घाटन के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस का नया दफ्तर करीब 252 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह तकरीबन 1.82 एकड़ में फैला है। इसमें कुल 6 फ्लोर हैं और इसे पूरा बनाने में 15 साल का समय लगा है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार नए मुख्यालय में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई समेत पार्टी के सभी विंग और शाखाओं को जगह दी जाएगी। शुरुआत में पुराने कार्यालय से प्रशासन, लेखा और कुछ अन्य प्रकोष्ठ स्थानांतरित किए जाएंगे। जिसके बाद धीरे-धीरे पूरा दफ्तर नई जगह आ जाएगा।

जानकारी के अनुसार नए कांग्रेस ऑफिस के टॉप फ्लोर पर कांग्रेस अध्यक्ष का कमरा है। बताया जा रहा है कि नई इमारत बिजली के लिए सोलर एनर्जी पैनल भी लगाए गए हैं। यहां हाई-स्पीड इंटरनेट और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की भी सुविधा मिलेगी। सुरक्षा के मुद्देनजर पूरे ऑफिस में सीसीटीवी कैमरा लगे हैं। इसमें बड़ा मीटिंग हॉल, मीडिया कॉन्फ्रेंस सेंटर समेत अन्य सभी आधुनिक सुविधाएं हैं।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *