केंद्रीय मंत्री को मिली धमकी, फोन पर मांगी 50 लाख रुपए की रंगदारी; जानें क्या है मामला?
मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्री को कुछ लोगों ने फोन पर धमकी दे डाली है। आरोपियों ने मंत्री के सामने 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग की है। इस घटना से सियासी गलियारों में भी हड़कंप मच गया है। यह धमकी भरा संदेश केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को मिला है। संजय सेठ ने पुलिस को मामले की जानकारी दी है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
खबरों की मानें तो संजय सेठ के पास अज्ञात नंबर से मैसेज आया। शख्स ने 50 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की है। शुक्रवार की शाम को अपराधियों ने एक के बाद एक ढेर सारे धमकी भरे मैसेज किए हैं। संजय सेठ का कहना है कि शुक्रवार की दोपहर को तकरीबन 4 बजे के आसपास उनके मोबाइल पर ढेर सारे धमकी भरे मैसेज आए। आरोपियों ने उन्हें 50 लाख रुपए की रकम अदा करने की धमकी दी। संजय सेठ ने इसकी जानकारी दिल्ली के डीसीपी को दे दी। डीसीपी ने फौरन उनसे मुलाकात करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि मैसेज करने वाला नंबर झारखंड के रांची का है। रांची के कांके से यह मैसेज किए गए हैं। पुलिस नंबर को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में संजय सेठ ने झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता से भी बात की है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने में लगी है।
बता दें कि संजय सेठ झारखंड की राजधानी रांची से ही बीजेपी के सांसद हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में उन्होंने रांची से जीत का परचम लहराया था। वहीं मोदी सरकार में उन्हें रक्षा राज्य मंत्री का पदभार सौंपा गया है।
