बंगा फ्लाईओवर पर भीषण हादसा: मनाली से लौट रही टूरिस्ट बस नीचे गिरी, कंडक्टर समेत 3 की मौत
जिला नवांशहर की सब-तहसील बंगा में सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मनाली से श्री अमृतसर साहिब लौट रही एक टूरिस्ट बस बंगा फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसे में कंडक्टर समेत तीन लोगों की मौत होने की सूचना है। मृतकों में एक लवली यूनिवर्सटी की छात्रा भी शामिल बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस मनाली से अमृतसर की ओर आ रही थी। जब चंडीगढ़-जालंधर नेशनल हाइवे पर बंगा फ्लाईओवर पर पहुंची तो कथित तौर पर चालक की आंख लगने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस के नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि बस में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के कई छात्र भी सवार थे और इस भीषण हादसे में बस कंडक्टर समेत तीन लोगों की मौत की सूचना मिल रही है। मृतकों में एक छात्रा के शामिल होने की भी बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से बस चालक फरार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और तुरंत राहत एवं जांच का काम शुरू किया गया। फिलहाल पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तो वहीं इस हादसे में घायल हुए लोगों को लेकर विस्तृत जानकारी आना अभी बाकी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में बस ड्राइवर और एलपीयू की एक छात्रा सहित 3 लोगों की मौत हुई है। हालांकि तीसरे व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों के सटीक आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
