हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 अक्टूबर से बारिश-आंधी का अलर्ट
New Delhi: People ride a scooter amid heavy monsoon rain, at Connaught Place in New Delhi, Saturday, Aug. 23, 2025. (PTI Photo/Salman Ali)(PTI08_23_2025_000200B)
हरियाणा में अक्टूबर की शुरुआत में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है, लेकिन अब अगले कुछ दिनों में मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. इसके बाद 6 अक्टूबर से कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है. 7 से 9 अक्टूबर के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम सक्रिय रह सकता है.
प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 4 अक्टूबर को पिछले दिन के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. यह सामान्य से करीब 1.7 डिग्री अधिक रहा. हिसार 38.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. महेंद्रगढ़ में 38.0, नारनौल में 37.0 और फरीदाबाद में 37.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
वहीं, दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में भी गर्मी का असर देखने को मिला. रेवाड़ी में अधिकतम तापमान 34.2, रोहतक में 34.2, भिवानी और सिरसा में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सोनीपत और पलवल में 37.0 डिग्री, जबकि गुरुग्राम में 35.0 डिग्री तापमान रहा. मौसम विभाग ने कहा, “आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के कारण तापमान में कुछ राहत मिल सकती है.”
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 4 और 5 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहेगा. इसके बाद 6 अक्टूबर से कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. 7 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 अक्टूबर के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
वहीं, प्रदेश के कुछ हिस्सों में 8 और 9 अक्टूबर को भी गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. इन दिनों 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने और मौसम खराब होने पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार 10 अक्टूबर को हरियाणा में किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी रह सकती है. विभाग के मुताबिक मौसम में बदलाव से दोपहर की गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना भी जताई जा रही है.
