पंजाब में अवैध हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़, एके-47 राइफल और दो हथगोले बरामद

0

पंजाब पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियारों और विस्फोटकों की सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से AK-47 असॉल्ट राइफल और दो हथगोले बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से असॉल्ट राइफल की मैगजीन और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने की है।

पुलिस महानिदेशक के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हथियार तस्करों के संपर्क में था। पुलिस को संदेह है कि आरोपी विदेश में सक्रिय तस्करों के नेटवर्क के जरिए अवैध हथियार हासिल करने और उनकी सप्लाई करने में शामिल था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमृतसर के घरिंडा थाने में मामला दर्ज किया है। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद किए गए हथियार और विस्फोटक कहां से लाए गए थे। इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही पुलिस आरोपी के विदेशी संपर्कों और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिल अधिकारियों का कहना है कि जांच का मुख्य उद्देश्य पूरे नेटवर्क का पता लगाना और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचना है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल पंजाब में किसी आपराधिक या अन्य आपराधिक गतिविधि के लिए तो नहीं किया जा रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।

बता दें कि पंजाब में पिछले कुछ सालों में विदेश में बैठे अपराधियों और तस्करों के जरिए हथियारों की सप्लाई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय रही है। जांच एजेंसियां ऐसे मामलों में स्थानीय नेटवर्क और विदेश में बैठे हैंडलरों के बीच संपर्क की भी जांच करती रही हैं।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर