पूर्व डीजीपी ओ पी सिंह की हरियाणा में फिर एंट्री, नशा रोधी निकाय ‘संकल्प’ के CEO नियुक्त

0

हरियाणा के पूर्व पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह को नशा रोधी निकाय ‘संकल्प’ का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता वाला यह नया निकाय राज्य की पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय और ग्रामीण संस्थाओं को नशा रोधी योजना के तहत एक साथ लाएगा।

हरियाणा सरकार के राजपत्र में सोमवार को प्रकाशित एक अधिसूचना के जरिए राज्य सरकार ने युवाओं में मादक पदार्थों के सेवन के मामलों को कम करने और गांवों को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ‘संकल्प’ (नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और नशीली दवाओं के बारे में ज्ञान, जागरूकता और मुक्ति कार्यक्रम) सोसाइटी का गठन किया है। हरियाणा में वर्ष 2025 के दौरान स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत रिकॉर्ड 3,738 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 6,801 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिसूचना के अनुसार, ‘संकल्प’ सोसाइटी के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे, जो गृह, स्वास्थ्य, स्कूली एवं उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा मामलों सहित कुल 11 विभागों के बीच समन्वय का काम करेंगे। इन सभी विभागों के प्रशासनिक सचिव इस सोसाइटी में शामिल होंगे।

हरियाणा राज्य मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एचएसएनसीबी) के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) इस सोसाइटी के सदस्य सचिव होंगे। अधिसूचना में सोसाइटी के पहले वर्ष की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट किया गया है। निकाय के लक्ष्यों की दिशा में हुई प्रगति सोसाइटी की हर बैठक का पहला एजेंडा होगी और इसे उसकी वार्षिक रिपोर्ट में भी शामिल किया जाएगा, जिसे मंत्रिपरिषद के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। ओ पी सिंह 1992 बैच के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी हैं और वह पहले भी एचएसएनसीबी के प्रमुख रह चुके हैं। वर्ष 2008 से 2012 के बीच हरियाणा के खेल निदेशक के रूप में उन्होंने एसपीएटी खेल छात्रवृत्ति योजना की रूपरेखा तैयार की थी। अधिसूचना के अनुसार, सीईओ का कार्यकाल तीन साल तक का होगा।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *