शिवराज सिंह का वादा, पंजाब में BJP सरकार बनी तो 6 महीने में नशा नेटवर्क नेस्तनाबूद

0

पंजाब में चुनावी माहौल धीरे धीरे गर्म हो रहा है। पंजाब में इस बार ड्रग्स की समस्या सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा होगा। बीजेपी पूरे राज्य में नशा मुक्त पंजाब यात्रा निकाल रही है। आज केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस यात्रा में शामिल होने बठिंडा पहुंचे। तलवंडी साबो में शिवराज सिंह ने उन परिवारों से मुलाकात की जिनके घर में किसी न किसी की मौत नशे के कारण हुई है।

इन परिवारों का दर्द सुनने के बाद शिवराज सिंह ने कहा कि, इन लोगों के आंसूओं की जिम्मेदार आम आदमी पार्टी है। उन्होंने पूछा कि पंजाब में नशे के सौदागरों को संरक्षण कौन दे रहा है। किसकी छत्रछाया में पंजाब में नशे का कारोबार फल फूल रहा है। शिवराज ने कहा कि अगर पंजाब में बीजेपी की सरकार बनी तो 6 महीने के भीतर पंजाब से नशे के नेटवर्क को नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा।

चौहान ने एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा और कहा कि उनकी सरकार तय समयसीमा में पंजाब में मादक पदार्थ की समस्या खत्म नहीं कर सकी। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”मैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि आपने अरविंद केजरीवाल से क्या वादा किया था? सत्ता में आने से पहले आप कहते थे कि इसे (मादक पदार्थ की समस्या को) 3 महीने में खत्म कर देंगे, 6 महीने में खत्म कर देंगे। आपने समयसीमा दी थी न? लेकिन आपकी समयसीमा एक बार खत्म हुई, फिर दोबारा खत्म हुई और अब फिर से खत्म हो गई।” उन्होंने आरोप लगाया, ”आप पंजाब को नशे में डुबो रही है। मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वालों को कौन बचा रहा है? उन्हें किसका संरक्षण मिल रहा है?”

शिवराज सिंह ने आरोप लगाया कि भगवंत मान ”अपराध, भ्रष्टाचार और कमीशन खोरी” की सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संदेश लेकर पंजाब आए हैं। उन्होंने भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य से नशे की समस्या खत्म करने का संकल्प साझा किया। चौहान ने कहा, ”सत्ता में आने के बाद भाजपा 6 महीने के भीतर मादक पदार्थ के पूरे नेटवर्क को नष्ट कर देगी। यह हमारा संकल्प है। हम नशे की जड़ पर प्रहार करेंगे।”

इससे पहले शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया तथा राज्यसभा सदस्य तरुण चुग समेत अन्य नेताओं ने यहां तख्त श्री दमदमा साहिब में मत्था टेका।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *