11,500 फीट की ऊंचाई पर दौड़े चंडीगढ़ के DC, 21.1 किमी की मैराथन पूरी कर पेश की फिटनेस की मिसाल
चंडीगढ़ के जिला उपायुक्त (ड) निशांत कुमार यादव ने समुद्र तल से करीब 11,500 फीट की ऊंचाई पर आयोजित लद्दाख मैराथन में 21.1 की दौड़ पूरी कर फिटनेस और दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश की।
लद्दाख की बेहद ऊंचाई पर कम ऑक्सीजन, पतली हवा और कठिन पहाड़ी भूभाग के बीच हाफ मैराथन पूरी करना अपने आप में बड़ी चुनौती माना जाता है। निशांत यादव ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए पूरी दूरी तय की।
सामान्य मैदानी क्षेत्रों की तुलना में इतनी ऊंचाई पर शरीर को कम ऑक्सीजन मिलती है, जिससे दौड़ के दौरान सांस लेने और गति बनाए रखने में अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। इसके बावजूद उन्होंने लगातार दौड़ते हुए 21.1 किलोमीटर का लक्ष्य पूरा किया।
लद्दाख मैराथन को देश की कठिन मैराथन दौड़ों में शामिल माना जाता है। यहां ऊंचाई के साथ मौसम और भौगोलिक परिस्थितियां भी धावकों की परीक्षा लेती हैं। ऐसे वातावरण में 21.1 किलोमीटर की दूरी पूरी करने के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती भी जरूरी होती है।
मैराथन पूरी करने के बाद निशांत यादव ने इसे विशेष अनुभव बताया। उन्होंने दौड़ के दौरान के अनुभव और तस्वीरें भी साझा कीं। उनकी इस उपलब्धि को फिटनेस के प्रति सक्रियता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लक्ष्य हासिल करने की प्रतिबद्धता से जोड़कर देखा जा रहा है।
