हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, दसवीं और 12वीं कक्षा के पांच लाख विद्यार्थियों को देगी मुफ्त टैबलेट और डाटा सिम

0

हरियाणा सरकार प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्ता और तकनीकी शिक्षा देने पर पूरा जोर दे रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार चाहती है कि विद्यार्थी आज के समय की मांग के अनुसार पूरी तरह से दक्ष बनें। इसी दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने विद्यार्थियों के लिए कुल 5 लाख डाटा सिम की खरीद को आधिकारिक तौर पर मंजूरी दे दी है।

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार के दिन हाई पावर्ड परचेज कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस उच्च स्तरीय बैठक में हरियाणा के उच्चतर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविन्द शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक के दौरान जानकारी साझा करते हुए बताया कि कक्षा 10वीं से लेकर 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों को कुल 5 लाख टैबलेट दिए जाएंगे। इन सभी टैबलेट के संचालन के लिए विशेष रूप से डाटा सिम की खरीद की जाएगी। इसके अलावा बैठक में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के लिए 220 वॉट की ट्यूबलर टाइप लीड एसिड बैटरी की खरीद प्रक्रिया को भी पूरी स्वीकृति प्रदान की गई है। इन बैटरियों में 100 एएच, 200 एएच और 120 एएच समेत कुल 5 अलग-अलग प्रकार की बैटरियों की खरीद शामिल है।

हाई पावर्ड परचेज कमेटी की इस बैठक में मुख्यमंत्री ने हैफेड द्वारा संचालित असंध शुगर मिल के वार्षिक ओवरहॉलिंग, मरम्मत, रखरखाव और सामान सहित एक साल के संचालन के लिए कुल 11.90 करोड़ रुपये की राशि खर्च करने की स्वीकृति दी। बैठक में नेशनल हेल्थ मिशन के अंतर्गत दक्षिण जोन के लिए 33 और उत्तर जोन के लिए 26 एडवांस लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस की खरीद को मंजूरी दी गई ताकि आम नागरिकों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सके।

एचपीपीसी की इस अहम बैठक में कुल मिलाकर लगभग 90 करोड़ रुपये से भी अधिक के विभिन्न सेवा कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर बैठक में अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़ मौजूद रहे। इसके अलावा निदेशक सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग तथा एमडी एचवीपीएन डॉ. आदित्य दहिया सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित रहे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *