नेपाल की बाढ़ के साथ बिहार पहुंचीं ‘अज्ञात व असामान्य’ मछलियां, सरकार ने जारी की एडवाइजरी
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जलप्रलय के बाद बिहार के सीमावर्ती इलाकों में नदियां उफान पर हैं। इस बीच, बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग (Dairy, Fisheries & Animal Resources Department) ने राज्य की जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि नेपाल की ओर से बाढ़ के पानी के साथ बहकर आईं अज्ञात और असामान्य दिखने वाली मछलियों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।
अज्ञात मछलियों के सेवन से बचें: बाढ़ के पानी के साथ आई किसी भी ऐसी मछली का सेवन बिल्कुल न करें जो दिखने में असामान्य या अपरिचित लग रही हो।
खरीद-बिक्री और बाजार पर रोक: बाढ़ के पानी से पकड़ी गई ऐसी संदेहास्पद और अज्ञात मछलियों को बाजारों में खरीदने, बेचने या भोजन के उपयोग में लाने से बचें।
बिना पहचान न खाएं: जब तक संबंधित विभाग या विशेषज्ञों द्वारा मछली की प्रजाति और सुरक्षा की पुष्टि न हो जाए, तब तक किसी भी अनजान मछली को खाने योग्य न मानें।
प्रशासन को सूचित करें: अपने आसपास ऐसी किसी भी अज्ञात या असामान्य मछली की मौजूदगी या बिक्री की सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित जिला मत्स्य पदाधिकारी या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।
यदि किसी व्यक्ति ने अनजाने में ऐसी असामान्य मछली का सेवन कर लिया है और उसके बाद निम्नलिखित में से कोई भी लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श लें:
-उल्टी और दस्त
-पेट में तेज दर्द
-चक्कर आना
-सांस लेने में कठिनाई
-शरीर में कोई अन्य असामान्य प्रतिक्रिया या एलर्जी
प्रशासन ने सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को मंडियों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या विषाक्तता की घटना से बचा जा सके।
