नशे में झूमते युवकों के VIDEO के बाद रेड की, चंडीगढ़ में हेरोइन समेत एक युवक गिरफ्तार
चंडीगढ़ के आईटी पार्क थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग जगहों पर तीन युवकों के नशे की हालत में पाए जाने के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 12.68 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत कुमार (36) उर्फ भंडारी निवासी इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभी तक शहर में नशे की सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क तक नहीं पहुंच पाई है। चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया भी कह चुके हैं कि पुलिस प्रभावी कार्रवाई करे तो कुछ दिनों में नशे की समस्या पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रंजीत कुमार के खिलाफ पहले से चोरी, नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य अपराधों के 8 मामले दर्ज हैं। इनमें 2009, 2010 और 2011 में मनीमाजरा थाने में चोरी के केस दर्ज हुए थे। इसके अलावा 2013, 2016, 2017 और 2020 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में भी मनीमाजरा थाने में उसके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ था।
