हरियाणा: लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी, 9.98 लाख लाभार्थियों को मिले ₹209 करोड़

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और अन्य लाभ वितरित किए। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में अलग-अलग योजनाओं के तहत जारी की गई राशि और लाभार्थियों की संख्या की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों के बैंक खातों तक पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत सोमवार को 10वीं किस्त जारी की गई। इस किस्त के तहत करीब 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहनों और बेटियों के बैंक खातों में कुल 209 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि सीधे भेजी गई।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत अब तक 10 किस्तों में कुल 2,042 करोड़ 31 लाख रुपये लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में संचालित 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भी सोमवार को भुगतान किया गया। इसके तहत 1,124 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि सीधे 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।

सैनी ने कहा कि सरकार डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचा रही है। उन्होंने इसे पारदर्शिता और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दयालु योजना के तहत सोमवार को 6,224 परिवारों को कुल 234 करोड़ 77 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक इस योजना के तहत कुल 83,536 परिवारों को 3,152 करोड़ 48 लाख रुपये की आर्थिक सहायता जारी की जा चुकी है।

हर घर हर गृह योजना के तहत भी लाभार्थियों को सब्सिडी की राशि जारी की गई। मुख्यमंत्री के अनुसार, जून महीने की सब्सिडी के रूप में 4 लाख 93 हजार 434 बहनों के खातों में कुल 19 करोड़ 17 लाख रुपये भेजे गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस भुगतान के बाद योजना के तहत अब तक कुल 340 करोड़ 14 लाख रुपये की सब्सिडी जारी की जा चुकी है।

सरकार ने हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए किसानों को भी आर्थिक सहायता दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 13,237 किसानों के बैंक खातों में करीब 7 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई।

यह सहायता खरीफ वर्ष 2026-27 में करीब 70 हजार एकड़ क्षेत्र में ढेंचा और मूंग को हरित खाद के रूप में अपनाने के लिए दी गई है। सरकार का उद्देश्य इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों की ओर प्रोत्साहित करना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 14 अगस्त को गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद किया जाएगा

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *