हरिद्वार में जान गंवाने वाले चार नाबालिग कांवड़ियों के परिवारों को मिलेंगे 5-5 लाख, चंडीगढ़ के प्रशासक ने की घोषणा
हरिद्वार में गंग नहर में डूबने से जान गंवाने वाले चंडीगढ़ के चार नाबालिग कांवड़ियों के परिवारों को प्रशासन की तरफ से 5-5 लाख रुपये आर्थिक मदद के तौर पर दिए जाएंगे। यह घोषणा रविवार को यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारियया ने की।
वे पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। भाजपा के नेता दविंदर सिंह बबला ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की अपील की थी। बता दें कि चंडीगढ़ से 17 कांवड़ियों का दल गंगाजल लेने हरिद्वार गया था।
गंगाजल भरने के बाद सभी ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में स्नान करने लगे। इसी दौरान चार नाबालिग गंग नहर में बने गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए थे।
हादसे में जान गंवाने वाले सेक्टर-30बी निवासी शिवांशु, नीतीश ओर सेक्टर-26 निवासी भरत की उम्र 16 साल थी। वहीं बापूधाम कॉलोनी निवासी रोहित 17 साल का था। भरत सेक्टर-20 के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। रोहित ओपन बोर्ड से 10वीं की पढ़ाई कर रहा था और ऑटो चलाता था।
