चंडीगढ़ में होला मोहल्ला प्रदर्शनी शुरू, देखें संजय दास की तस्वीरों में शौर्य के रंग
चंडीगढ़ सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट म्यूज़ियम एंड आर्ट गैलरी में सोमवार को “होला मोहल्ला” फोटोग्राफी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया. पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया. गवर्नमेंट म्यूज़ियम एंड आर्ट गैलरी और चंडीगढ़ ललित कला अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रदर्शनी 15 सितंबर तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी.
“कला और फोटोग्राफी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम”: प्रदर्शनी का अवलोकन करने के दौरान प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि, “भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में कला और फोटोग्राफी की महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसी प्रदर्शनियां हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती हैं तथा लोगों को अपनी विरासत से जोड़ने का अवसर देती हैं. सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज अपनी ऐतिहासिक पहचान और मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकता है.”
तस्वीरों में दिखेगा होला मोहल्ला का जीवंत स्वरूप: प्रदर्शनी में प्रसिद्ध फोटोग्राफर संजय दास द्वारा खींची गई तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं. इन तस्वीरों में होला मोहल्ला पर्व की धार्मिक आस्था, वीरता, पारंपरिक युद्ध कौशल और सामुदायिक जीवन के विविध रंगों को प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया है. तस्वीरें दर्शकों को इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पर्व की जीवंत अनुभूति कराती हैं तथा सिख परंपरा की गौरवशाली विरासत से परिचित कराती हैं.
क्यूरेशन से समझ आएगा पर्व का ऐतिहासिक महत्व: प्रदर्शनी की क्यूरेशन कला इतिहासकार एवं आर्ट क्रिटिक डॉ. सीमा भल्ला ने की है. प्रदर्शनी में होला मोहल्ला की परंपराओं, ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत को क्रमबद्ध दृश्य प्रस्तुति के रूप में सजाया गया है. यह प्रदर्शनी हर दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी. आयोजकों का मानना है कि यहां आने वाले लोग फोटोग्राफी के माध्यम से होला मोहल्ला की आध्यात्मिकता, शौर्य और सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझ सकेंगे.
