MSP सहित किसानों की सभी मांगें मानेगी केंद्र सरकार? चंडीगढ़ में सातवीं दौर की बैठक शुरू

चंडीगढ़। फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी सहित अपनी विभिन्न मांगों पर चर्चा करने के लिए प्रदर्शनकारी किसानों और एक केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत का नया दौर चंडीगढ़ में शुरू हो गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रहलाद जोशी और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल बैठक के लिए बुधवार को सुबह करीब 11 बजकर 50 मिनट बजे सेक्टर 26 स्थित महात्मा गांधी लोक प्रशासन संस्थान पहुंचे।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुद्डियां भी बैठक का हिस्सा हैं। बातचीत से पहले किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा का 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बैठक में हिस्सा लेगा।
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा किसानों के आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं। पंढेर ने कहा कि किसानों को उम्मीद है कि सरकार उनके मुद्दों का समाधान करेगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि हम सकारात्मक सोच के साथ बैठक के लिए यहां आए हैं। बैठक के बाद कुछ निर्णय सामने आना चाहिए। हमें उम्मीद है कि एमएसपी गारंटी कानून पर गतिरोध समाप्त होगा और बातचीत आगे बढ़ेगी।