हरियाणा में मौसम का बदला मिजाज, बारिश से मिली गर्मी से राहत; आज 7 जिलों में अलर्ट, आंधी के साथ तेज बारिश की संभावना

0

हरियाणा में प्री-मानसून की दस्तक हो गई है. मौसम विभाग ने 24 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना जताई है. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होगी. साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, मौसम में बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

सात जिलों में यलो अलर्ट जारी: मौसम विभाग ने 22 जून के लिए महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की संभावना है. ऐसे में विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान दोबारा 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण फिलहाल गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने के आसार हैं.

रोहतक रहा सबसे गर्म जिला: प्रदेश का सबसे गर्म जिला रविवार को रोहतक रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अंबाला और सिरसा में 40.6 डिग्री, जबकि हिसार में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अन्य जिलों की तुलना में कम दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने दी सावधानी बरतने की सलाह: मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है. उनका कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों का असर अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बना रहेगा. ऐसे में तेज हवाओं, बूंदाबांदी और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहना जरूरी है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *