हरियाणा में मौसम ने ली करवट, तेज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी

0

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम का असर लगातार देखने को मिल रहा है. प्रदेश में गुरुवार को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया. मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

 मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा के उत्तर-पूर्वी जिलों यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल में रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को घरों में सुरक्षित रहने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.

 प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी मौसम खराब बना रहेगा. गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार और फतेहाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है.

 एक दिन पहले आए तेज तूफान ने कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया. फतेहाबाद के जांडवाला बांगर गांव में मोबाइल टावर बीच से टूटकर लटक गया. हिसार के किरमारा गांव में 440 केवीए बिजली लाइन के टावर गिर गए, जिससे कई इलाकों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही. सिरसा के चौपटा क्षेत्र में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात प्रभावित हुआ. कई जगहों पर कच्चे मकानों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा.

: तेज बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि सिरसा में अब भी सबसे अधिक 45.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. हिसार में 44.2 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 44.4 डिग्री और रोहतक में 43.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. वहीं गुरुग्राम और अंबाला में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है.

 मौसम में बदलाव के चलते सुबह और रात के तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है. सोनीपत में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया. रोहतक, गुरुग्राम और चंडीगढ़ समेत कई शहरों में रात के समय ठंडी हवाएं चलने से लोगों को राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह बदला हुआ रह सकता है.

गुरुग्राम में हुई हल्की बूंदाबांदी लोगों के लिए आफत बन गई. राजीव चौक के पास कूड़ा जमा करने वाली कंपनी के बाहर सड़क पर फैले गंदे पानी और कीचड़ ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात ऐसे हैं कि बाइक सवार लगातार फिसलकर गिर रहे हैं और बड़ा हादसा कभी भी हो सकता है. एक के बाद एक बाइक सवार सड़क पर फिसलकर गिर गए. कोई बाइक समेत सड़क पर घिसटता नजर आया तो कोई खुद को संभालते-संभालते गिर पड़ा. अब तक कई लोग यहां हादसे का शिकार हो चुके हैं. हल्की बारिश के बाद सड़क पर फैली यह फिसलन अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन चुकी है.

गर्मी का असर जानवरों पर भी: विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान लगातार बढ़ती गर्मी और उमस का असर इंसानों के साथ-साथ पालतू जानवरों पर भी पड़ रहा है. डॉग्स और कैट्स में हीट स्ट्रेस और हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ रहे हैं. पशु चिकित्सकों ने लोगों से पालतू जानवरों को धूप से बचाने, पर्याप्त पानी देने और ठंडी जगह पर रखने की अपील की है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *