हरियाणा में फिर सक्रिय हुआ मौसम, 11 जिलों में तेज बारिश और हवाओं की चेतावनी

0

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के चलते लगातार तीसरे दिन बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे गर्मी से बड़ी राहत मिली है. मौसम में आए इस बदलाव ने प्रदेशभर में तापमान को सामान्य से नीचे पहुंचा दिया है. दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को सुहावने मौसम का अनुभव हो रहा है. कई इलाकों में ठंडी हवाओं ने गर्मी के तेवर कम हो गए हैं.

तापमान में भारी गिरावट: मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में दिन का तापमान औसतन 5.9 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से 3.4 डिग्री कम दर्ज किया गया. रोहतक में न्यूनतम तापमान 17.6°C रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा. वहीं, अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली, जिससे दिन के समय भी मौसम काफी सुहावना बना रहा.

11 जिलों में येलो अलर्ट जारी: मौसम विभाग और कृषि विश्वविद्यालय ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

आगे कैसा रहेगा मौसम: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 7 मई से मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है. इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात का तापमान थोड़ा और गिर सकता है. हालांकि, 10 मई की रात से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

किसानों को सलाह: मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. गेहूं और जौ की कटाई कर चुके किसान अपने अनाज और भूसे को सुरक्षित स्थानों पर रखें. कपास की बुवाई करने वाले किसानों को फिलहाल 3-4 दिन इंतजार करने को कहा गया है. वहीं, सब्जी उत्पादकों को सिंचाई रोकने और पकी फसलों की तुरंत तुड़ाई करने की सलाह दी गई है.

रातें हुईं ठंड:लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण हरियाणा में रातें काफी सुहावनी हो गई हैं. गुरुग्राम और रोहतक जैसे शहरों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में भी रात के तापमान में हल्की गिरावट बनी रह सकती है, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलती रहेगी.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *