“6 जून तक खत्म कर देंगे…” दिलजीत दोसांझ को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
दिलजीत दोसांझ एक बार फिर सुरक्षा कारणों की वजह से चर्चा में आ गए हैं। सोमवार को लुधियाना प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को एक ऐसा ईमेल मिला, जिसने पूरे शहर में हलचल बढ़ा दी। मेल में पंजाबी सिंगर के घर और कुछ सरकारी जगहों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह के समय नगर निगम अधिकारियों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर यह संदेश भेजा गया। मेल में दावा किया गया कि आने वाले दिनों में विस्फोट किए जा सकते हैं। इसके साथ कुछ जगहों का नाम भी लिखा गया था, जिनमें दिलजीत दोसांझ का लुधियाना वाला घर भी शामिल बताया जा रहा है। धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और खुफिया एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने नगर निगम भवन समेत कई जगहों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने पूरे इलाके की निगरानी की, हालांकि जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला। इसके बावजूद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
धमकी भरे संदेश में सिर्फ दिलजीत दोसांझ का नाम ही नहीं था, बल्कि उनके करीबियों और समर्थकों का भी जिक्र किया गया। मेल में डर फैलाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जिससे मामला और गंभीर माना जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मेल असली है या किसी ने माहौल बिगाड़ने के इरादे से भेजा है।
मामले की जांच में साइबर टीम भी जुट गई है। तकनीकी मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया। पुलिस का कहना है कि जांच कई एंगल से की जा रही है और पूरी पुष्टि होने तक किसी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की जाएगी।
पिछले कुछ सालों में दिलजीत दोसांझ का नाम सिर्फ म्यूजिक ही नहीं, बल्कि फिल्मों और इंटरनेशनल शो को लेकर भी लगातार सुर्खियों में रहा है। वह दुनियाभर में लाइव कॉन्सर्ट कर रहे हैं और हिंदी फिल्मों में भी सक्रिय हैं।
