चंडीगढ़ कोर्ट की अनोखी सजा, नाके पर हंगामा करने वालों ने संभाला ट्रैफिक

0

चंडीगढ़ में ड्रंकन ड्राइव नाके पर हंगामा करने वाले दो युवक अदालत के आदेश के बाद सेक्टर-16 के मटका चौक पर ट्रैफिक पुलिस के साथ ट्रैफिक संभालते नजर आए। दोनों हाथों में ‘Don’t Drink and Drive’ लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक करते दिखे। अदालत ने दोनों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था, उनके ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किए थे और चार दिनों तक रोजाना दो घंटे ट्रैफिक ड्यूटी करने का आदेश दिया था।

यह मामला 5 जुलाई की रात सेक्टर-34/35 की डिवाइडिंग रोड पर लगाए गए ड्रंकन ड्राइव नाके का है। जांच के दौरान फॉर्च्यूनर सवार दो युवक शराब के नशे में मिले और उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए काफी देर तक हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया, जबकि वाहन में मौजूद तीसरा युवक नशे में नहीं था।

बाद में अदालत में पेश किए जाने पर घटना की वीडियो दिखाई गई, जिसे देखने के बाद अदालत ने आरोपियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई। अदालत ने जुर्माने और लाइसेंस निलंबन के साथ ट्रैफिक पुलिस के साथ ड्यूटी करने की सजा सुनाई।

ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लोगों से शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की। उनका कहना था कि नशे में ड्राइविंग से न केवल दूसरों बल्कि खुद की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *