हरियाणा में 9 से 17 अगस्त तक ‘तिरंगा यात्रा’ : CM सैनी ने की घोषणा

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला स्थित हरियाणा निवास में प्रेस वार्ता कर राज्य में होने वाली ‘तिरंगा यात्रा’, स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों और संत गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के संदर्भ में चलाए जा रहे अभियानों की पूरी जानकारी साझा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर हरियाणा के एथलीटों के शानदार प्रदर्शन पर भी खुशी जताई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम सैनी ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों का जिक्र कर भारतीय खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान प्राप्त किया है। देश की इस उपलब्धि में हरियाणा का योगदान सबसे अहम रहा, जहां के खिलाड़ियों ने कुल 10 पदकों पर कब्जा जमाया।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि देश को हासिल हुए कुल 13 स्वर्ण पदकों में से 7 गोल्ड मेडल अकेले हरियाणा के लाल और बेटियों ने जीते हैं। इनमें से 5 स्वर्ण पदक प्रदेश की बेटियों के नाम रहे। सीएम ने इसे राज्य के लिए बेहद गर्व का विषय बताया और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेल-समर्थक नीतियों के चलते आज देश का नाम दुनिया भर में रोशन हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 अगस्त से 17 अगस्त के बीच पूरे प्रदेश में वृहद स्तर पर ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी। वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।
इस बार यह अभियान ‘वंदे मातरम’ के संदेश को समर्पित किया गया है।

सीएम सैनी ने कहा कि यह केवल कोई प्रशासनिक या सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनता की भागीदारी का एक राष्ट्रीय पर्व है, जो युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम और महान बलिदानियों से जोड़ने का काम करेगा।

अभियान के अंतर्गत राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे और वंदे मातरम के इतिहास पर आधारित विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को रेखांकित किया जाएगा। इसके अलावा 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में राष्ट्रभक्ति की भावना से लबरेज ‘तिरंगा कॉन्सर्ट’ का भी आयोजन किया जाएगा।

15 अगस्त 2021 को घोषित ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तहत इस वर्ष भी 14 अगस्त को देश विभाजन की विभीषिका को याद किया जाएगा। हरियाणा का राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में आयोजित होगा। यहां 13 अगस्त को विभाजन के दर्द को बयां करती प्रदर्शनी लगाई जाएगी और 14 अगस्त की शाम को कैंडल लाइट के साथ मौन पदयात्रा निकाली जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 जुलाई 2026 से ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू हो चुका है, जो 20 फरवरी 2027 तक जारी रहेगा। संत रविदास जी की पावन जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी का कलश गुरुग्राम पहुंच चुका है, जिसका स्वागत माता शीतला मंदिर परिसर में किया जा रहा है।

आगे चलकर 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के डेरा सचखंड से वाराणसी तक एक भव्य समरसता यात्रा भी निकाली जाएगी। सीएम ने नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर