जिस भांजी को मृत मानकर मामा लड़ रहे थे हाईकोर्ट में कानूनी लड़ाई, वह कनाडा में है जिंदा
चंडीगढ़। जिस युवती को उसका परिवार 13 वर्षों से लापता मान रहा था और जिसकी हत्या की आशंका को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट तक लड़ाई पहुंच गई, वह आखिरकार कनाडा में जीवित मिली। पासपोर्ट रिकॉर्ड, इमिग्रेशन दस्तावेज, रिश्तेदारों के सामने हुई वीडियो कॉल और पुलिस जांच के आधार पर हाई कोर्ट ने साफ कहा कि देविंदर कौर के जीवित होने के पर्याप्त और विश्वसनीय प्रमाण मौजूद हैं।
ऐसे में उसके पिता और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला चलाने या विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित करने का कोई औचित्य नहीं बनता। जस्टिस सूर्य प्रताप सिंह ने आत्मा सिंह की याचिका को खारिज करते हुए कहा कि रिकॉर्ड पर ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं है जिससे यह माना जा सके कि पुलिस ने मामले की जांच में लापरवाही बरती है या देविंदर कौर की हत्या हुई है।
वर्ष 2013 में हरपाल कौर रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई। उसकी गुमशुदगी की शिकायत बाद में हत्या के मुकदमे में बदल गई। याचिकाकर्ता का दावा था कि उसी दौरान देविंदर कौर भी गायब हो गई और पुलिस ने उसकी तलाश के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। याचिका में कहा गया कि 13 साल बीत जाने के बावजूद न तो देविंदर कौर का पता लगाया गया और न ही उसकी संभावित हत्या की जांच हुई।
