तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा लौटाई, कहा- मेरे साथ कुछ भी हुआ तो सरकार जिम्मेदार
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। बिहार लौटते ही उन्होंने बिहार सरकार द्वारा दी गई अपनी सभी सुरक्षा श्रेणियां और सुरक्षाकर्मी वापस कर दिए हैं। बताया जाता है कि तेज प्रताप यादव की सुरक्षा का यह मामला पहले से ही बिहार सरकार के संज्ञान में था। तेज प्रताप यादव को बिहार से बाहर प्रवास के दौरान यह सुरक्षा कवर प्रदान किया गया था। लेकिन जैसे ही वे वापस बिहार लौटे, उन्होंने स्वेच्छा से अपनी पूरी सुरक्षा व्यवस्था वापस कर दी। उनके इस अचानक उठाए गए कदम के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है।
तेज प्रताप यादव द्वारा सुरक्षा वापस किए जाने के बाद अब उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। इस संबंध में तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस फैसले के बाद यदि उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है, तो उसकी पूरी जवाबदेही और जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
