पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में मिले संदिग्ध मांस के टुकड़े, इलाके में फैली सनसनी
फतेहगढ़ साहिब जिले में सरहिंद कुष्ठ आश्रम के पास गंदे नाले से संदिग्ध मांस के टुकड़े थैलों में भरे हुए मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद क्षेत्र में सामने आया, जहां लोगों ने नाले में 30 से 40 के करीब मांस के टुकड़े पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाले की सफाई शुरू करवाई और मांस से भरे थैलों को सावधानीपूर्वक बाहर निकलवाया।
थाना सरहिंद के सहायक थानेदार अवतार सिंह का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से लोगों को बचना चाहिए।
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।पुलिस ने बरामद किए गए मांस को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मांस किस जानवर का है और इसे वहां किसने फेंका। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।
