पंजाब: डेराबस्सी में दिल दहला देने वाली घटना, नाबालिग को अगवा कर जलाने का प्रयास
मोहाली। हलके के गांव मुबारकपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक नाबालिग युवक का अपहरण कर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर निवासी जतिन ने बताया कि 16 वर्षीय छोटा भाई निखिल घर पर अकेला था। इसी दौरान 3-4 अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही निखिल ने दरवाजा खोला, आरोपियों ने उसे जबरन अगवा कर लिया और अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार, जब निखिल ने आरोपितों के चंगुल से भागने की कोशिश की, तो उन्होंने उसके ऊपर डीज़ल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसा निखिल किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा और अपने पिता की दुकान पर पहुंचा।
वहां से उसे तुरंत डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद निखिल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
