जानलेवा हमले के बाद सुखबीर बादल का इलाज जारी, अब कैसी है तबीयत? सीटी स्कैन समेत हुई कई जांच
नांदेड के गुरुद्वारा परिसर में हमले में घायल शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के हाथ का शनिवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में सीटी स्कैन किया गया। इसके साथ ही चिकित्सकों ने शुगर समेत अन्य जरूरी जांच भी की। हालांकि, जांच रिपोर्ट के संबंध में अस्पताल की ओर से कोई जानकारी सामने नहीं आई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
सुखबीर सिंह बादल को शुक्रवार शाम हाथ में लगी चोट के उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनका इलाज प्लास्टिक सर्जन डा. संजय महेंद्रू के मार्गदर्शन में चल रहा है। सूत्रों के अनुसार चिकित्सक उनकी चोट की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे के उपचार की दिशा तय की जाएगी।
बता दें कि नांदेड स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवां जी में दर्शन के दौरान सुखबीर बादल पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। हमले में उनके हाथ में चोट लगी थी। घटना के बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखरेख के लिए उन्हें गुरुग्राम लाया गया।
मेदांता अस्पताल में सुखबीर सिंह बादल के साथ फिलहाल केवल परिवार के सदस्य मौजूद हैं। सुरक्षा और उपचार को देखते हुए अस्पताल में उनसे मिलने वालों की संख्या सीमित रखी गई है। चिकित्सकों की ओर से औपचारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
